राजस्थान में स्वच्छ भारत पर सवाल, नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार के लोकतंत्र और संविधान विरोधी रवैये के कारण पंचायती राज चुनाव समय पर नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से बचने की वजह से गांवों में विकास कार्य ठप हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
जूली ने कहा कि चुनाव नहीं होने और पंचायतों को पर्याप्त फंड नहीं मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में गंदगी का अंबार लग गया है और गांव बदहाली की स्थिति में पहुंच चुके हैं।
लोकतंत्र पर सवाल और सत्ता पर निशाना
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि गांवों में सीवर की समस्या, टूटी सड़कें और सफाई व्यवस्था की बदहाली सरकार की नाकामी को उजागर करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बीच जाने से बच रही है क्योंकि गांव-गांव में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आ रही हैं।
स्वच्छ भारत अभियान पर उठाए सवाल
जूली ने स्वच्छ भारत अभियान को लेकर भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर इसकी स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि नेता केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित हैं, जबकि वास्तविकता में गांवों की नालियां जाम हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है।
चुनाव कराने की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से तत्काल पंचायती राज चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा कि फंड के अभाव में ग्रामीण विकास कार्य रुके हुए हैं, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाएगी और सरकार की नीतियों को उजागर करेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


