सवर्ण समाज की एकजुटता के साथ UGC रोलबैक पर उठी आवाज
जयपुर। राजधानी जयपुर के रामनिवास बाग स्थित फुटबॉल ग्राउंड में आज श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के आह्वान पर सवर्ण समाज समन्वय समिति (S-4) के तत्वावधान में विशाल ‘सवर्ण महापंचायत’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल हुए और UGC रोलबैक के मुद्दे पर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सवर्ण समाज के कई प्रमुख नेता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में UGC से जुड़े कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए सवर्ण समाज के हितों, आरक्षण व्यवस्था में विसंगतियों तथा आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
महापंचायत में श्री राजपूत करणी सेना सहित अन्य सवर्ण संगठनों के पदाधिकारियों एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर एकजुटता का संदेश दिया। खैरथल-तिजारा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनमें प्रदेश संगठन मंत्री दीपक सिंह तंवर, जिला अध्यक्ष नीरज सिंह तंवर, जिला प्रभारी राजकुमार सिंह पदमाडा, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह, जिला कोषाध्यक्ष लखन सिंह चौहान एवं तहसील मुंडावर के मुख्य सलाहकार पवन सिंह चौहान सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे।
आक्रोश के साथ भविष्य की रणनीति पर चर्चा
महापंचायत के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सवर्ण समाज लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहा है। मंच से यह मांग भी उठाई गई कि नीतियों का निर्धारण जातिगत आधार पर न होकर न्यायसंगत तरीके से किया जाए। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने विभिन्न नारों और उद्बोधनों के माध्यम से अपनी नाराजगी प्रकट की।
इस दौरान मंच से यह संदेश भी दिया गया—
“यह केवल एक सभा नहीं, बल्कि सवर्ण समाज की एकता का शंखनाद है। अब हम अपने अधिकारों के लिए चुप नहीं बैठेंगे।”
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


