More
    HomeखेलIPL vs PSL: आईपीएल में भारतीय कप्तानों का दबदबा, PSL में विदेशी...

    IPL vs PSL: आईपीएल में भारतीय कप्तानों का दबदबा, PSL में विदेशी खिलाड़ियों पर भरोसा

    दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। वहीं, इससे पहले 26 मार्च से पाकिस्तान सुपर लीग की भी शुरुआत हो जाएगी। फैंस इस बात से हैरान हैं कि जब आईसीसी ने मार्च से मई का विंडो आईपीएल के लिए दिया है, ताकि विदेशी खिलाड़ी खुलकर खेल सकें, उस समय में पाकिस्तानियों ने पीएसएल करवाने की सोची भी कैसे। ऐसा इसलिए क्योंकि पूरी दुनिया के बड़े स्टार्स इस लीग में खेलते हैं, जबकि पीएसएल में ज्यादातर वो खिलाड़ी होते हैं, जो या तो आईपीएल का हिस्सा नहीं होते यानी ऑक्शन में नहीं बिके होते हैं, या फिर रिटायर हो चुके या फिर फुस्स होते हैं। पाकिस्तान के पास कप्तानों की भी ऐसी ही फहरिस्त है, जो या तो रिटायर हो चुके हैं या फिर अपने-अपने देश के लिए टी20 में फुस्स हैं। आइए आईपीएल और पीएसएल में कप्तानों की तुलना करते हैं…

    IPL में पूरी तरह भारतीय और दमदार नेतृत्व

    आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने इस बार घरेलू खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा दिखाया है। सभी टीमों ने भारतीय कप्तानों को मौका दिया है, जो यह दर्शाता है कि भारत में नेतृत्व की नई पीढ़ी तैयार हो चुकी है। आईपीएल में हार्दिक पांड्या, शुभमन गिल और ऋषभ पंत जैसे युवा और अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों पर भरोसा जताया गया है। श्रेयस अय्यर, ऋतुराज गायकवाड़ और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों को लीड कर रहे हैं और युवा कप्तानों की यह लिस्ट काफी मजबूत नजर आती है। हार्दिक, अक्षर और ईशान हाल ही में टी20 विश्वकप विजेता टीम का हिस्सा रहे थे। गिल और ऋतुराज के टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक-एक शतक हैं। श्रेयस वनडे के खतरनाक बल्लेबाज माने जाते हैं और टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका औसत 30+ का और स्ट्राइक रेट 136 से ज्यादा का है। पंत 2024 में टी20 विश्वकप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।
     
    ईशान किशन: सनराइजर्स हैदराबाद के स्टैंड-इन कप्तान बनाए गए हैं, क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस चोटिल हैं। उन्हें 11.25 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया। वह आईपीएल में कप्तानी संभालने वाले आठवें विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। इससे पहले धोनी, एडम गिलक्रिस्ट, कुमार संगकारा, संजू सैमसन, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक और जितेश शर्मा हैं।

    • हार्दिक पांड्या: मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे। टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताते हुए 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।
    • शुभमन गिल: गुजरात टाइटंस की कमान संभालेंगे। उन्हें 16.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया और वह टीम के भविष्य के लीडर माने जा रहे हैं।
    • श्रेयस अय्यर: पंजाब किंग्स के कप्तान होंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 26.75 करोड़ रुपये में रिटेन कर बड़ा भरोसा दिखाया है।
    • रजत पाटीदार: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी करेंगे और टीम को खिताब डिफेंड करने की चुनौती होगी। उन्हें 11 करोड़ रुपये मिले।
    • ऋतुराज गायकवाड़: चेन्नई सुपर किंग्स की अगुवाई करेंगे। 18 करोड़ रुपये में रिटेन हुए गायकवाड़ पर टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की जिम्मेदारी है।
    • रियान पराग: राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान हैं, संजू सैमसन के जाने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली। 14 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए।
    • अक्षर पटेल: दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे। ऑलराउंडर के तौर पर उनका अनुभव टीम के लिए अहम होगा। 16.5 करोड़ रुपये में रिटेन।
    • अजिंक्य रहाणे: कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान बनाए गए हैं। अनुभवी बल्लेबाज को 1.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया।
    • ऋषभ पंत: लखनऊ सुपर जाएंट्स की कमान संभालेंगे। 27 करोड़ रुपये के साथ वह इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हैं।

    पीएसएल में विदेशी खिलाड़ियों पर भी भरोसा

    दूसरी ओर, पाकिस्तान सुपर लीग में कप्तानी का समीकरण अलग है। यहां बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे स्थानीय सितारों के साथ-साथ डेविड वॉर्नर और मार्नस लाबुशेन जैसे विदेशी खिलाड़ियों को भी टीम की कमान सौंपी गई है। यह दर्शाता है कि पीएसएल फ्रेंचाइजियां इंटरनेशनल अनुभव को कप्तानी में अहम मानती हैं। इसके अलावा सऊद शकील, शादाब खान और शाहीन अफरीदी भी अलग-अलग टीमों की कमान संभालेंगे। इनमें से लाबुशेन और टर्नर तो पीएसएल में कप्तानी का डेब्यू कर रहे हैं। लाबुशेन ने तो कभी टी20 में कप्तानी ही नहीं की है।

    रणनीति और सोच का फर्क

    भारतीय टीम में कप्तानी ज्यादातर खिलाड़ी वो कर रहे हैं जो टी20 में अच्छे या बड़े रिकॉर्ड्स बना चुके हैं। वहीं, पीएसएल ठीक इसके उलट है। वॉर्नर संन्यास ले चुके हैं, लाबुशेन ने अब तक सिर्फ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय खेला है और वह ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम का हिस्सा तक नहीं हैं। एश्टन टर्नर किसी भी प्रारूप में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा नहीं हैं। बाबर आजम का टी20 में बेहद खराब फॉर्म रहा है और उन्हें टी20 टीम से निकाला जा सकता है। वही हालत शादाब खान की भी है। शाहीन को भी टी20 विश्वकप में जमकर मार पड़ी थी। सऊद शकील पाकिस्तानी टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं और न ही कभी पाकिस्तान के लिए टी20 मैच खेले हैं।
     

    • बाबर आजम: पेशावर जाल्मी की कप्तानी करेंगे। अब तक 43 मैचों में 16 जीत और 27 हार का रिकॉर्ड है।
    • शाहीन शाह अफरीदी: लाहौर कलंदर्स के कप्तान हैं और टीम को डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में लीड करेंगे। उनकी कप्तानी में लाहौर ने 26 मैच जीते हैं और 19 हारे हैं।
    • मार्नस लाबुशेन: हैदराबाद किंग्समेन की कप्तानी करते हुए PSL में पहली बार लीडर की भूमिका निभाएंगे। 
    • एश्टन टर्नर: मुल्तान सुल्तांस के कप्तान होंगे और PSL में कप्तानी का डेब्यू करेंगे।
    • डेविड वॉर्नर: कराची किंग्स की कप्तानी करेंगे। उनके पास PSL में छह जीत और पांच हार का अनुभव है। 
    • शादाब खान: इस्लामाबाद यूनाइटेड के कप्तान हैं और 65 मैचों में 37 जीत के साथ सफल कप्तानों में गिने जाते हैं।
    • मोहम्मद रिजवान: पिंडिज टीम की अगुआई करेंगे। उनके नाम 58 मैचों में 33 जीत दर्ज हैं।
    • सऊद शकील: क्वेटा ग्लैडिएटर्स के कप्तान होंगे और 12 मैचों में आठ जीत के साथ अच्छा रिकॉर्ड रखते हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here