जयपुर: टीकाराम जूली ने सरकार पर लगाए आरोप
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में ‘2 साल बनाम 5 साल’ की बहस को लेकर शुक्रवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सदन के अंदर 2 साल बनाम 5 साल की बहस होनी थी, जिसकी चुनौती स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी थी।
जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में स्पष्ट शब्दों में कहा था— “मैं विपक्ष की चुनौती को स्वीकार करता हूँ और 2 साल बनाम 5 साल की बहस के लिए तैयार हूँ।” उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के हर शब्द का रिकॉर्ड सदन की कार्यवाही में दर्ज है।
नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, इसके बाद बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक हुई, जिसमें वे स्वयं, पार्टी के सचेतक, निर्दलीय सदस्य, अन्य दलों के प्रतिनिधि, संसदीय मंत्री और उनके सचेतक मौजूद थे। बैठक में 2 साल बनाम 5 साल की बहस तय की गई और उसी आधार पर चर्चा निर्धारित की गई।
जूली ने आरोप लगाया कि अब सरकार केवल अपने दो साल के कार्यकाल से जुड़े दस्तावेज और आंकड़े रखकर चर्चा कराना चाहती है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ने 2 साल बनाम 5 साल की चर्चा की बात कही थी। अगर आप सिर्फ दो साल के आंकड़े रख रहे हैं तो यह आंकड़ों का खेल है। हमने चुनौती दी थी कि आपके 2 साल और हमारे 5 साल की तुलना हो, फैसला राजस्थान की जनता करेगी।”
उन्होंने दोहराया कि BAC में 2 साल बनाम 5 साल की बहस पर सहमति बनी थी, लेकिन अब सरकार उस पर चर्चा से पीछे हट रही है। इस मुद्दे को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बनी रही।


