सरकारी स्कूल में करीब करीब 29 अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए
झालावाड़ (राजस्थान)। राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना ब्लॉक स्थित पीपलोदी गांव के सरकारी स्कूल में शुक्रवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया, जब कक्षा के दौरान स्कूल की छत भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक घटना में सात मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 29 अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना के समय बच्चे कर रहे थे प्रार्थना
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:45 बजे कक्षाएं प्रारंभ होते समय सभी बच्चे विद्यालय में उपस्थित थे। कुछ छात्रों ने छत में दरारों की ओर शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया, लेकिन उन्हें कक्षा में बने रहने को कहा गया। कुछ ही देर बाद अचानक छत का बड़ा हिस्सा ढह गया, और दर्जनों बच्चे मलबे में दब गए।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मनोहरथाना पुलिस, एसडीआरएफ की टीम, और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। मलबे से कई बच्चों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को झालावाड़ जिला अस्पताल और कोटा के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सात मासूमों की गई जान
हादसे में कक्षा 1 से 5 तक पढ़ने वाले सात बच्चों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।
शिक्षा विभाग और प्रशासन की लापरवाही उजागर
सूत्रों के अनुसार शिक्षा विभाग ने कुछ सप्ताह पहले ही राज्य भर के विद्यालय भवनों की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की थी। बताया जा रहा है कि पीपलोदी स्कूल की छत में पहले से ही दरारें थीं, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार मरम्मत की मांग की गई थी, पर विभाग ने अनदेखी की।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि, गंभीर घायलों को निशुल्क इलाज, और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है।
राज्यपाल और राष्ट्रपति ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए गहरी संवेदना जताई है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि स्कूल भवनों की सुरक्षा को लेकर तत्काल सर्वे कराया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
यह हादसा राज्य की शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता पर गहरा सवाल खड़ा करता है। अब यह देखना होगा कि मासूमों की मौत के जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_c
देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html


