न्यायपालिका और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, एक्सपायरी पेय पदार्थों की बोतलें भी नष्ट; तिजारा में मिठाइयों के नमूने लेकर घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर की कार्रवाई
तिजारा। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। खैरथल में मंगलवार को कार्रवाई के बाद बुधवार को तिजारा में न्यायपालिका के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई की दुकानों पर जांच करते हुए 18 किलोग्राम दूषित रसगुल्ले नष्ट कराए गए। इसके अलावा एक्सपायरी तिथि वाले पेय पदार्थों की बोतलें भी नष्ट कराई गईं और विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए गए।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के दिशा-निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र व्यास के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई। अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अजीत कुड़ी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग और संबंधित विभागों के सहयोग से चलाया गया।
मिठाई की दुकानों पर औचक निरीक्षण
बुधवार को सचिव अजीत कुड़ी के नेतृत्व में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने तिजारा की विभिन्न मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई की सूचना से दुकानदारों में हलचल मच गई।
अलवर रोड स्थित अंगना राम बबली सैनी की मिठाई की दुकान से रसगुल्ले, कलाकंद, गुलाब जामुन, लड्डू, मलाई चाप और रंग के नमूने लिए गए। इसी दौरान मौके पर रखे 18 किलोग्राम दूषित रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
इसके बाद विकास पथ स्थित सैनी स्वीट्स कॉर्नर का निरीक्षण किया गया। यहां 12 लीटर एक्सपायरी तिथि वाला माउंटेन ड्यू पेय पदार्थ नष्ट कराया गया। दुकान से बर्फी, बूंदी और लड्डू के नमूने भी लिए गए।
एक्सपायरी पेय पदार्थ नष्ट, मिठाइयों के नमूने लिए
पीयूष मिष्ठान भंडार पर जांच के दौरान एक्सपायरी तिथि वाली पेय पदार्थ की 32 बोतलें मौके पर ही नष्ट कराई गईं। वहीं घीसाराम बलबीर मिठाई की दुकान से रसगुल्ले का नमूना लिया गया।
मुख्य बाजार स्थित दीप चिराग स्वीट्स भंडार से नारियल बर्फी और मिशुर पाक के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान दुकान पर सुरक्षित पैकिंग में रखे मिठाई के पैकेटों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं मिली। इस पर दुकान संचालक को नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए सख्त हिदायत दी गई।
घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई। इस पर रसद विभाग की ओर से संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
सचिव अजीत कुड़ी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाना, उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करना है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार, पैरालीगल वालंटियर्स और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर इस तरह के निरीक्षण महत्वपूर्ण हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


