चेतावनी के बाद शहर में कार्रवाई को लेकर अटकलों का दौर शुरू। दो दिन पहले सफाई और रोशनी को लेकर हुई पालिका बोर्ड बैठक।
किशनगढ़बास। दीपावली से पहले हर कोई अपने घर, दुकान और ऑफिस को चमकाने में लगा है। कहीं रंग-रोगन चल रहा है तो कहीं साफ-सफाई का दौर चल रहा है। उधर स्वास्थ्य और खाद्य विभाग मिठाई से लेकर होटल-रेस्टोरेंट तक की जांच में जुटा है, ताकि त्योहार पर मिलावट का अंधेरा न छा सके। ऐसे में शहर की सड़कें और बाजार अगर अतिक्रमण से बदरंग दिखें यह भी लाजमी नहीं। इसी को लेकर नगर पालिका ने भी दीपावली से पहले शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए दो मोर्चों पर काम शुरू कर दिया है।
नगर पालिका ने अवैध कब्जे और अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान का बिगुल फूंक दिया है। बुधवार को शहर में मुनादी वाला रिक्शा घुमा दिया गया है और लाउडस्पीकर से आम सूचना देते हुए सख्त चेतावनी दी गई अपना अवैध निर्माण, थड़ी-ठेला, सामान और अतिक्रमण खुद हटा लें, नहीं तो नगर पालिका हटाएगी और हटाने का खर्च भी अतिक्रमणकर्ता से ही वसूलेगी।
वैसे इससे ठीक दो दिन पहले ही नगर पालिका में दीपावली की तैयारियों को लेकर बड़ी कवायद हो चुकी है। अध्यक्ष विश्वास यादव और अधिशासी अधिकारी पूजा शर्मा की अध्यक्षता में प्रथम बोर्ड बैठक आयोजित कर पार्षदों से सीधा संवाद किया गया। बैठक में तय किया गया कि दीपावली पर शहर की सफाई व्यवस्था और रोशनी व्यवस्था को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
बैठक में पूरे शहर को वार्ड-वार बांटकर सफाई का खाका तैयार किया गया है। नालियों की सफाई, कचरा निस्तारण, मुख्य बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ ही शहर को रोशनी से जगमग करने के लिए खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और नए पॉइंट्स पर लाइट लगाने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं सामने रखीं। अब रिक्शे की मुनादी और बोर्ड बैठक के बाद शहर में चर्चा का बाजार गर्म है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ दीपावली से पहले की औपचारिकता है या वाकई कुछ बदलेगा। क्योंकि लोगों ने पहले भी ऐसे अभियान कई बार देखे हैं। एक तरफ पालिका का दस्ता अतिक्रमण हटाता है, जेसीबी चलती है, सामान जब्त होता है और थोड़ी देर बाद ही फिर वही नजारा देखने को मिलता है।
फोन घनघनाते हैं, जब्त सामान छूट जाता है और अतिक्रमण फिर से अपनी जगह पर आ जाता है। अब देखना यह है कि इस बार कहानी दोहराई जाएगी या बदलेगी? क्या अध्यक्ष विश्वास यादव और ईओ पूजा शर्मा के नेतृत्व में हुई पहली बोर्ड बैठक के फैसले जमीन पर उतरेंगे? क्या यह कार्रवाई वाकई दमदार होगी, जिससे एक बार अतिक्रमण हटने के बाद दोबारा उसी जगह को साफ कराने की नौबत नहीं आएगी?
शहरवासियों को नई बोर्ड से यही उम्मीद है कि इस बार दीपावली पर शहर अतिक्रमण मुक्त होकर सच में जगमगाएगा, सिर्फ दिखावे के लिए नहीं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

