More
    Homeतेज आवाज में डीजे व लाउडस्पीकर बजाने वालों पर हो सख्त कार्रवाई...

    तेज आवाज में डीजे व लाउडस्पीकर बजाने वालों पर हो सख्त कार्रवाई – बाबूलाल जाजू


    पीपुल फॉर एनीमल्स प्रदेश प्रभारी ने पुलिस अधीक्षक व जिला प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

    भीलवाड़ा।
    पीपुल फॉर एनीमल्स के प्रदेश प्रभारी बाबूलाल जाजू ने भीलवाड़ा जिले में ध्वनि प्रदूषण को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र यादव को पत्र लिखकर एवं जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए तेज आवाज में डीजे व लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    जाजू ने पत्र में लिखा है कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की खुलेआम अवहेलना करते हुए शादियों, समारोहों और बिंदोलियों में मिनी पिकअप व टेम्पो पर बड़े-बड़े स्पीकरों को अत्यधिक तेज आवाज में बजाया जा रहा है। इससे न सिर्फ मकानों की खिड़कियां कंपन करने लगती हैं, बल्कि हृदय रोगियों, गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है।

    उन्होंने बताया कि अस्पतालों के पास भी तेज ध्वनि के कारण मरीजों की स्थिति और बिगड़ सकती है। इसके अलावा, टू-व्हीलर वाहनों में कानफोड़ू साइलेंसर लगाकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।

    जाजू ने मांग की है कि ऐसे डीजे और स्पीकरों को जब्त किया जाए और धार्मिक स्थलों पर भी तेज आवाज में बजने वाले स्पीकरों की ध्वनि सीमा नियंत्रित की जाए। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here