महाकुंभ : जैन संत विज्ञानन्द महाराज का मंगल प्रवेश, 22 से 28 सितम्बर तक श्रीकल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ
मिशनसच न्यूज, अलवर। धर्मनगरी अलवर इस बार इतिहास रचने जा रही है। यहां पहली बार जैन समाज द्वारा श्रीकल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस भव्य और अलौकिक कार्यक्रम में वर्तमान कालीन 24 तीर्थंकरों के समवशरण की 25 प्रतिकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
यह आयोजन णमोकार महामंत्र उपासक उपाध्याय विज्ञानन्द महाराज ससंघ के सानिध्य में 22 सितम्बर से 28 सितम्बर तक स्थानीय जैन नसिया जी स्थित वाटिका, करोली कुण्ड में संपन्न होगा। संतश्री का आज अलवर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया और समाजजनों ने पाद प्रक्षालन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला
आयोजन समिति के संयोजक पवन चौधरी और सहसंयोजक संजय जैन ने बताया कि 23 से 28 सितम्बर तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से श्रीजी का अभिषेक, शांति धारा, नित्य पूजन और समवशरण अर्चना संपन्न होंगे।
इससे पूर्व 21 सितम्बर को शाम 7.30 बजे जैन वाटिका नसिया जी में मेहंदी रस्म का आयोजन होगा।
22 सितम्बर की सुबह 7 बजे नगर में भव्य श्री भव्य जिनेंद्र स्वर्ण रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुनेंद्र यात्रा, चक्रवर्ती यात्रा, सुरेंद्र यात्रा, इंद्र यात्रा और घट यात्रा शामिल होंगी। यात्रा का विशेष आकर्षण होगा तीन ऐरावत गजराज और ड्रोन से पुष्पवर्षा।
सांस्कृतिक व भक्ति संध्या
आयोजन के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला रहेगी—
22 सितम्बर, रात 8 बजे – प्रसिद्ध जादूगर विल्सन का मैजिक शो।
23 सितम्बर, रात 7.30 बजे – इंद्रसभा नाटिका (निर्देशन: चक्रेश जैन सोजना)।
24 सितम्बर, शाम 6.30 बजे – जैन भजन संध्या (अभिषेक जैन, जयपुर द्वारा)।
24 सितम्बर, रात 7.30 बजे – राजा श्रेणिक नाटिका।
25 सितम्बर, रात 7.30 बजे – भरत-बाहुबली युद्ध नाटिका।
26 सितम्बर, रात 7.30 बजे – संगीत संध्या (रूपेश जैन के सानिध्य में)।
27 सितम्बर, रात 7.30 बजे – अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन, मंच संचालन डॉ. कमलेश जैन “बसंत” करेंगे।
इस कवि सम्मेलन में देशभर के नामचीन कवि और कलाकार भाग लेंगे, जिनमें राष्ट्रीय हास्य कवि बलवंत सिंह बल्लू केसरिया, लाफ्टर चैंपियन मुन्ना बैटरी (मंदसौर), स्वर कोकिला सपना सोनी (आगरा), सिद्धार्थ देवल (उदयपुर), जैन स्टार कवि सजल जैन (जबलपुर) और गीतकार ललित जैन मधुर प्रमुख हैं।
संत विज्ञानन्द महाराज का मंगल प्रवेश
श्री चन्द्रप्रभ दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर मुंशी बाजार अलवर के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद जैन ने बताया कि आज दिगम्बर जैन संत उपाध्याय विज्ञानन्द महाराज ससंघ का जैन नसिया जी में मंगल प्रवेश हुआ। समाजजनों ने पारंपरिक रीति से उनकी भव्य अगवानी की और श्रद्धाभाव से उनके पाद प्रक्षालन किए।
देशभर से उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
समिति के अनुसार इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से जैन श्रद्धालु बड़ी संख्या में अलवर पहुंचेंगे। नसिया जी की वाटिका में विशाल पंडाल और मंच तैयार किए गए हैं।
अलवर की यह पावन भूमि आगामी सप्ताह धर्म, संस्कृति और भक्ति का अद्भुत संगम बनने जा रही है। यह आयोजन न केवल जैन समाज बल्कि पूरे देश में शांति, सद्भाव और धर्म की महिमा का संदेश प्रसारित करेगा।
मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_c
इसी तरह की स्टोरी के लिए देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html