नव-निर्माणधीन मंदिर में सफाई के साथ पार्क विकसित करने की तैयारी, शिव सेवा समिति ने पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे के जाल लगाने की उठाई मांग
लक्ष्मणगढ़। नगर पालिका प्रशासन की ओर से नव-निर्माणधीन शिव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। अधिशासी अधिकारी चेतन बेरवा के निर्देश पर कनिष्ठ तकनीकी सहायक कुलदीप मीणा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्यरत कर्मियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार और आसपास के क्षेत्र से कचरा, झाड़-फूस एवं खरपतवार हटाए।
यह कार्रवाई शिव सेवा समिति द्वारा मंदिर परिसर की सफाई और पार्क विकास की मांग उठाए जाने के बाद की गई। समिति ने पूर्व में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए मंदिर परिसर को व्यवस्थित करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण की आवश्यकता बताई थी।
पार्क विकास और पौधों की सुरक्षा पर दिया जोर
समिति के सदस्यों ने बताया कि खसरा नंबर 848 स्थित मंदिर परिसर की खाली भूमि पर पूर्व में नगर पालिका प्रशासन और एसीजेएम के सहयोग से सघन वृक्षारोपण किया गया था। समय के साथ पौधों के आसपास झाड़ियां और खरपतवार उग आने से उनका विकास प्रभावित हो रहा था।
समिति ने मांग की कि पूरे क्षेत्र को साफ कर सुंदर सार्वजनिक पार्क के रूप में विकसित किया जाए, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रह सकें और लोगों को हरित वातावरण मिल सके।
बंदरों से पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे के जाल लगाने की मांग
शिव सेवा समिति ने नगर पालिका प्रशासन से पौधों के चारों ओर लोहे के जाल लगाने की भी मांग की। समिति का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों के कारण पौधों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है, जिससे उनका संरक्षण चुनौती बना हुआ है।
इस अवसर पर शिव सेवा समिति के सदस्य सुनील प्रजापत, सतीश बसवाल, खेमचंद बैरवा, दीपचंद सैनी, सुरेश चंद गुप्ता, त्रिलोक मीणा सहित समिति के पदाधिकारी और वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता अभियान चलाने पर नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


