More
    Homeराजस्थानअलवरधरती पर जीवन का अस्तित्व जल और हरियाली पर टिका- रामहेत सिंह...

    धरती पर जीवन का अस्तित्व जल और हरियाली पर टिका- रामहेत सिंह यादव

    मनीष मिश्रा. खैरथल-तिजारा। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर बंबोरा बावड़ी पर वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान के द्वितीय दिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से आमजन को जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्ति एवं पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए प्रेरित किया गया।

    कार्यक्रम की शुरुआत सरोवर जल पूजन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने सरोवर की पाल पर हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधरोपण किया। बाद में अतिथियों ने जल, पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
    पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि धरती पर जीवन का अस्तित्व जल और हरियाली पर टिका है। जल केवल एक प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि यह जीवन का आधार है। एक ऐसा तत्व जिसे हमें श्रद्धा और जिम्मेदारी के साथ सहेजना चाहिए। आज जब हम जल संकट और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं, तो समय आ गया है कि हम सिर्फ चिंता नहीं, बल्कि ठोस कार्य करें। सरकार द्वारा इस दिशा में पर्यावरण को सहेजने के लिए इस अभियान कि शुरुआत की गई। हमें अपने आसपास के जल स्रोतों को बचाने के लिए संगठित होकर प्रयास करने होंगे। तालाब, कुएं, नदियां और वर्षा जल के हर बूंद की रक्षा करनी होगी। भूजल स्तर को फिर से जीवन देना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह कार्य सरकार का ही नहीं, हम सबका साझा दायित्व है। उन्होंने सभी से अपील कर कहा कि एक संकल्प लें – कम से कम 5 पौधे अवश्य लगाएं। यह छोटा-सा प्रयास, हर व्यक्ति द्वारा किया जाएगा, तो वह एक बड़ा परिवर्तन लाएगा। उन्होंने विशेष रूप से माताओं, बहनों और बेटियों से आह्वान किया किवे इस हरित अभियान में अपनी प्रभावशाली भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि 78 करोड़ की परियोजना के माध्यम से किशनगढ़ बास के 32 गांव को रुंध गिदावड़ा से पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
    जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति सदैव जल संरक्षण की रही है। आज की पीढ़ी को पारंपरिक जल स्रोतों की रक्षा कर भविष्य के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने कहा कि हम पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जल पृथ्वी पर सीमित मात्रा में है जिसका हमें सदुपयोग कर भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए जल संरक्षण के विभिन्न उपाय करने चाहिए।
    इस अवसर पर 111 तुलसी पौधे वितरित किए गए और जल संकल्प शपथ दिलवाई गई। कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा एवं जागरूकता रैली को उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
    इस अवसर पर उपखंड अधिकारी किशनगढ़ बास मनीष कुमार जाटव, भाजपा जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल, सतीश सिंघल, व्यापार महासंघ अध्यक्ष परमानंद लख्यानी सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here