टीकाराम जूली ने बूथ प्रबंधन मजबूत करने पर दिया जोर, भाजपा सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
अलवर। नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने शनिवार को मोती डूंगरी स्थित अपने कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की तथा जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर अलवर, बहरोड़, खैरथल और जयपुर जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में टीकाराम जूली ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक तैयारियों को अद्यतन रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता”, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर मजबूती से कार्य करना चाहिए।
भाजपा सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
टीकाराम जूली ने कार्यकर्ताओं से बिजली कटौती, महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को गांव-ढाणी तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इन विषयों को प्रभावी ढंग से उठाकर लोगों के बीच संवाद स्थापित किया जाना चाहिए।
मानसून पूर्व तैयारियों और महंगाई पर चिंता
नेता प्रतिपक्ष ने मानसून से पहले नालों की सफाई नहीं होने को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने खराब सड़कों, बिजली आपूर्ति की समस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया।
महंगाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने में असफल रही हैं।
जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाने का दावा
टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा, रोजगार, किसानों और आमजन से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक लगातार उठाती रहेगी और जनहित के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के कार्यकाल में आम आदमी परेशान है और उसकी सुनवाई नहीं हो रही। उनके अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं के समाधान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


