More
    Homeराजस्थानअलवरनेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मोती डूंगरी स्थित कार्यालय पर की जनसुनवाई

    नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मोती डूंगरी स्थित कार्यालय पर की जनसुनवाई

    टीकाराम जूली ने समस्याओं की सुनवाई के बीच कानून व्यवस्था, पेयजल संकट और अरावली संरक्षण पर सरकार से सवाल

    अलवर। नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने शनिवार को मोती डूंगरी स्थित कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। जूली ने संबंधित अधिकारियों को कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं को समझने और समाधान करने का प्रभावी माध्यम है।

    जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने पेयजल संकट, खराब सड़कें, बिजली कटौती, चिकित्सा सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ी समस्याएं रखीं। जूली ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से फोन पर बात कर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आमजन मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सरकार प्रचार और बैठकों तक सीमित होकर रह गई है।

    इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में खनन माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है, जिससे अरावली पर्वतमाला और सरिस्का क्षेत्र पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि सीटीएच (क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट) को लेकर भाजपा नेताओं की मंशा चिंताजनक है और विपक्ष किसी भी हालत में ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगा।

    टीकाराम जूली ने कहा कि दिल्ली से लेकर जयपुर तक सरकार केवल फाइलों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उलझी हुई है, जबकि धरातल पर आम आदमी की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि मीटिंगों का अंबार लगा हुआ है, लेकिन जनता को राहत नहीं मिल रही।

    उन्होंने पेयजल संकट को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि चुनाव के समय ईआरसीपी जैसे बड़े प्रोजेक्ट दिखाए गए, लेकिन अब वे कहीं नजर नहीं आ रहे। जूली ने आरोप लगाया कि पानी मांगने वाले लोगों को राहत देने के बजाय उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

    महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी की कमर टूट गई है। वहीं कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजस्थान में “कानून का इकबाल” खत्म हो चुका है और प्रदेश में गुंडाराज जैसी स्थिति बन गई है।

    नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री नहीं बल्कि “रील मंत्री” काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं से दूर होकर केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। जूली ने कहा कि भाजपा नेताओं की शरण में माफियाओं का प्रभाव बढ़ रहा है और प्रदेश की व्यवस्थाएं पूरी तरह बेपटरी हो चुकी हैं।

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और आमजन की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here