15 बछड़े और एक गाय को गोशाला पहुंचाया, गौरक्षा दल और पुलिस को देखकर आरोपी फरार
नौगांवा। शेरपुर गांव में गुरुवार सुबह नगरपालिका अध्यक्ष के पति की सतर्कता से गौतस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया गया। नगरपालिका अध्यक्ष पति राजेंद्र सैनी की तत्परता से 16 गोवंशों को मुक्त कराया गया। इनमें 15 बछड़े और एक गाय शामिल हैं। सभी को अतरिया के पास स्थित गोशाला में पहुंचाया गया।
गौरक्षा दल के सदस्य प्रवीण मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे शेरपुर गांव में मेवात के संत बाबा लाल दास मंदिर के पास गोवंशों को पैदल हरियाणा की ओर ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद रामगढ़ गौरक्षा दल की टीम सक्रिय हुई। सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले राजेंद्र सैनी और उनके साथियों ने भी पांच-छह लोगों को गोवंश ले जाते देखा। टीम को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर नौगांवा थानाधिकारी हरदयाल यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीम चेतीवाल एवं गौरक्षा दल के सदस्य मोहित पंडित और मोहित सेन सहित अन्य लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर सभी 16 गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया। बताया गया कि गोवंशों को राजस्थान-हरियाणा सीमा पार कर ले जाने की योजना थी। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी है।


