साइकिल अभियान में पत्रकारों ने लिया हिस्सा, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
अलवर। फिट इंडिया अभियान के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण के खेल प्रशिक्षण केंद्र, इंदिरा गांधी स्टेडियम, अलवर की ओर से रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के 90वें संस्करण का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में पत्रकार एसोसिएशन, समाचार एजेंसियों और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रताप ऑडिटोरियम के पास स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम से हुई। सुबह बड़ी संख्या में पत्रकार और अन्य प्रतिभागी साइकिल लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम संयोजक पन्नालाल सैनी ने बताया कि ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के माध्यम से लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और देश-दुनिया की घटनाओं को जनता तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। इसी उद्देश्य से इस बार के 90वें संस्करण को पत्रकार एसोसिएशन, समाचार एजेंसियों और मीडिया संस्थानों के साथ आयोजित किया गया।
इन रास्तों से गुजरी साइकिल रैली
साइकिल रैली प्रताप ऑडिटोरियम से रवाना होकर भवानी तोप सर्किल, मिनी सचिवालय, अरावली विहार और कटी घाटी होते हुए संजोग मैरिज गार्डन पहुंची। इसके बाद प्रतिभागी वापस प्रताप ऑडिटोरियम पहुंचे।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस और नियमित व्यायाम को लेकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ और ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ जैसे संदेशों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।
नियमित साइकिलिंग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित साइकिलिंग और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। संयोजक पन्नालाल सैनी ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है और साइकिलिंग जैसी गतिविधियां फिटनेस बनाए रखने का सरल माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि ‘संडे ऑन साइकिल’ जैसे अभियान लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पत्रकारों की सहभागिता से अभियान का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

