ग्राम रथ अभियान में आवास योजना की सफलता, लाभार्थी ने साझा किया अनुभव
अलवर। राज्य सरकार के ग्राम रथ अभियान के तहत जब रैणी तहसील की ग्राम पंचायत परबैणी में कार्यक्रम आयोजित हुआ, तो वहां प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया। इस दौरान लाभार्थी कालूराम मीना ने अपने पक्के मकान के निर्माण और उससे आए बदलाव के अनुभव साझा किए।
कालूराम मीना ने बताया कि उनका परिवार कई वर्षों से कच्चे छप्पर के घर में रह रहा था, जिससे सर्दी, गर्मी और खासकर बरसात के मौसम में काफी परेशानी होती थी। बारिश के दौरान स्थिति इतनी खराब हो जाती थी कि परिवार को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ती थी।
उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का घर बनवाना संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृति मिलने के बाद उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण जगी।
योजना के तहत मिले सहयोग से उनका पक्का मकान बनकर तैयार हुआ। उन्होंने कहा कि अब उनके पास सुरक्षित रहने का स्थान है और बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से पूरी तरह राहत मिल गई है। अब उनका परिवार बिना किसी डर और चिंता के आराम से जीवन जी पा रहा है।
ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जब गांव में योजनाओं की जानकारी पहुंची, तब उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य ग्रामीणों को भी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
कालूराम मीना ने अपने पक्के मकान के लिए नरेन्द्र मोदी और भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को नई जिंदगी दी है और अब वे सम्मानजनक जीवन जी पा रहे हैं।
ग्राम रथ अभियान के जरिए सामने आई यह कहानी न केवल एक परिवार के जीवन में आए बदलाव को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि सरकारी योजनाएं सही तरीके से लागू होने पर ग्रामीणों के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकती हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


