More
    Homeराजस्थानअलवरपूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना का निधन, अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब

    पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना का निधन, अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब

    राजनीति में संघर्ष से शिखर तक पहुंचे भड़ाना के निधन से क्षेत्र में शोक

    मिशनसच न्यूज, अलवर। राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री रहे हेमसिंह भड़ाना का सोमवार सुबह अलवर में निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई। दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव भगेरी कला, किशनगढ़बास में किया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े।

    अंतिम संस्कार के दौरान उनके बड़े पुत्र धीरेंद्र भड़ाना ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर मंत्री संजय शर्मा, जवाहर बैढम, तिजारा विधायक महंत योगी बालकनाथ, ज्ञान देव आहूजा, सुखवंत सिंह, डॉ जसवंत यादव, रामहेत सिंह यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, राजनीतिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

    हेमसिंह भड़ाना ने वर्ष 1998 में थानागाजी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहली बार चुनाव लड़ा। संसाधन सीमित थे, लेकिन जनसमर्थन और संघर्ष की भावना प्रबल थी। चुनाव भले ही वे नहीं जीत पाए, लेकिन दूसरे स्थान पर रहकर उन्होंने अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई। भाजपा प्रत्याशी को चौथे स्थान पर धकेल देना उनकी लोकप्रियता का प्रमाण था।

    वर्ष 2003 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन आंतरिक बगावत के चलते उन्हें सफलता नहीं मिली और वे फिर दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद उन्होंने किशनगढ़बास पंचायत समिति से चुनाव लड़कर प्रधान पद पर जीत हासिल की। प्रधान रहते हुए उन्होंने जमीनी स्तर पर जनकल्याणकारी कार्यों को गति दी और ग्रामीणों का विश्वास अर्जित किया।

    वर्ष 2008 में उन्होंने एक बार फिर थानागाजी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर पहली बार विधायक बने। विधानसभा में उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया। वर्ष 2013 में उन्होंने पुनः विधानसभा चुनाव जीतकर सफलता दोहराई और उन्हें राजस्थान सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया।

    मंत्री रहते हुए हेमसिंह भड़ाना ने पारदर्शिता, ईमानदारी और जनहित को प्राथमिकता दी। उन्होंने सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और अपने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किया। उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी अपूरणीय क्षति हुई है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here