बैठक में पेयजल, बिजली और सड़कों से जुड़े कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश, भूमि आवंटन में समन्वय पर जोर
अलवर। अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय योगेश कुमार डागुर ने मिनी सचिवालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम डागुर ने जिले के लिए की गई बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी घोषणाओं को धरातल पर उतारना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक कार्य के लिए निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्ययोजना बनाकर उसे प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में भूमि की आवश्यकता है, उनके लिए संबंधित विभाग उपखण्ड अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि आवंटन की कार्यवाही पूरी करें।
पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने पर विशेष जोर
बैठक में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए गए कि राजगढ़ शहर में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के कार्यों की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि गर्मी के मौसम से पहले आमजन को बेहतर पेयजल सुविधा मिल सके।
बिजली ढांचे के विस्तार को लेकर निर्देश
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को अलवर शहर के अम्बेडकर नगर, कठूमर के खोह तथा रामगढ़ के नंगली मेघा में प्रस्तावित 33/11 केवी जीएसएस के लिए चिन्हित भूमि के आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति मजबूत हो सके।
सड़क निर्माण व पुलिया जीर्णोद्धार पर फोकस
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को कुशालगढ़ तिराहे से थैंक्यू बोर्ड बाया भर्तृहरि सड़क तथा नौगांव से नसवारी चौकी तक सड़क निर्माण की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भर्तृहरि तिराहे पर स्थित पुलिया के जीर्णोद्धार कार्य को भी तय समयसीमा में पूर्ण करने को कहा गया।
एडीएम डागुर ने कहा कि जिले से संबंधित बजट घोषणाओं के साथ-साथ राज्य स्तरीय योजनाओं को भी गति प्रदान कर आमजन को लाभान्वित किया जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता रमेश चंद सैनी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता आर.डी. बंसल, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक रमेश चंद मीणा, उद्यान विभाग के उप निदेशक के.एल. मीणा, सीडीईओ महेश गुप्ता, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक ऋषिराज सिंगल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


