वार्षिक उत्सव में होंगे अनेक कार्यक्रम
मिशनसच न्यूज, अलवर। सेवा भारती समिति अलवर द्वारा संचालित अलवर नगर के बाल संस्कार केंद्रों के विद्यार्थियों का वार्षिक उत्सव कार्यक्रम ‘उड़ान’ रविवार, 21 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से जैन आदिनाथ बीएड कॉलेज के रंगमंच पर सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल शर्मा होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सूर्य प्रकाश जी (विभाग सेवा प्रमुख), डॉ. के. के. गुप्ता (विभाग संघचालक), अशोक मित्तल (जिला संचालक), अक्षय कुमार (विभाग प्रचारक) सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक तथा बच्चों के अभिभावक भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
वार्षिक उत्सव के दौरान बाल संस्कार केंद्रों के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु नाटिकाएं एवं प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो सामाजिक मूल्यों, संस्कारों और देशभक्ति की भावना से प्रेरित होंगी। बच्चों की इन प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में सेवा भारती के सेवा कार्यों में आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों का सम्मान भी किया जाएगा। इस अवसर पर सेवा भारती समिति अलवर के उपाध्यक्ष अशोक आहूजा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सेवा भारती द्वारा कच्ची बस्तियों में किए जा रहे सेवा, स्वावलंबन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यों पर आधारित एक लघु वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी।
सेवा भारती समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने और सेवा कार्यों से जुड़ने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india

