हुडको की पहल से इंटरएक्टिव पैनल और ड्यूल डेस्क से 15 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
जयपुर। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पहल पर हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) द्वारा बीकानेर जिले के 40 सरकारी विद्यालयों को इंटरएक्टिव पैनल और ड्यूल डेस्क उपलब्ध कराए गए। गुरुवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानदेसर में आयोजित कार्यक्रम में इन संसाधनों का वितरण किया गया।
हुडको द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) मद के तहत करीब सवा करोड़ रुपए की लागत से उपलब्ध कराए गए इन संसाधनों से जिले के लगभग 15 हजार विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्रीअर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि देश के विकास की जिम्मेदारी भावी पीढ़ी के कंधों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि स्मार्ट शिक्षा के ये संसाधन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
उन्होंने आमजन से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और तेल आपूर्ति में आ रही बाधाओं को देखते हुए ऊर्जा संरक्षण बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने बच्चों में संस्कार और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सभी 40 विद्यालयों के प्रतिनिधियों को इंटरएक्टिव पैनल और ड्यूल डेस्क के प्रमाण पत्र वितरित किए तथा विद्यालय की स्मार्ट क्लास का उद्घाटन भी किया।
इस अवसर पर पावर ग्रिड कॉरपोरेशन की ओर से सीएसआर मद से निर्मित चार कक्षा कक्ष, एक लाइब्रेरी हॉल और टीन शेड का भी लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों पर करीब 86 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। साथ ही समसा के माध्यम से बनने वाले दो शौचालयों का शिलान्यास भी किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बीकानेर पंचायत समिति के 10, श्रीडूंगरगढ़ के 7, लूणकरणसर और कोलायत के 6-6, खाजूवाला और नोखा के 4-4, पांचू और पूगल के 2-2 तथा बज्जू खालसा के एक विद्यालय को यह सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
कार्यक्रम में हुडको के क्षेत्रीय प्रबंधक सुधीर भटनागर, भामाशाह प्रेरक पप्पू राम पवार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


