समृद्ध भारत अभियान के नवाचारों से प्रभावित हुए सांसद, गांवों में स्वरोजगार मॉडल का किया अवलोकन
भरतपुर। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से सांसद डॉ. जयंत कुमार राय ने भरतपुर और डीग जिले के विभिन्न गांवों में संचालित समृद्ध भारत अभियान के ग्रामीण विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती, महिला सशक्तिकरण, डेयरी, बायोगैस, ग्रामीण उद्योग, स्वरोजगार और नवाचार से जुड़े विभिन्न मॉडलों को देखा तथा लाभार्थियों से बातचीत कर उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली।
सांसद डॉ. जयंत कुमार राय ने कहा कि भरतपुर मॉडल ग्रामीण विकास और गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। इस दौरान उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता राजीव चटर्जी भी मौजूद रहे।
स्थानीय संसाधनों से तैयार हुए विकास मॉडल
समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने सांसद को जानकारी देते हुए बताया कि अधिकांश नवाचार और विकास मॉडल स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। संस्था द्वारा लाभार्थियों को तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आय के नए अवसर विकसित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि कई गांवों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एक जैसी गतिविधियों से जुड़कर कृषि और पशुपालन के साथ अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं, जिससे उनके सामाजिक और आर्थिक जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
शहद, फल उत्पादन और प्राकृतिक खेती मॉडल की सराहना
सांसद ने नेवाड़ा गांव में शहद प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया और शहद की गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा विपणन प्रक्रिया की जानकारी ली। यहां उन्हें बताया गया कि गांव के अधिकांश युवा मधुमक्खी पालन से जुड़े हुए हैं।
इसके बाद उन्होंने दीवली गांव में अमरूद और अन्य फलों के बगीचों का अवलोकन किया और किसानों की आय में आए बदलाव की प्रशंसा की। सांसद ने कहा कि वे इन नवाचारों को अपने लोकसभा क्षेत्र में भी लागू कराने का प्रयास करेंगे।
हातौड़ी गांव में उन्होंने करीब 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन किया। उन्हें बताया गया कि बावड़ी के पुनर्निर्माण से ग्रामीणों और पशुधन को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा और यह स्थान पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित हो सकेगा।
महिला समूहों और ग्रामीण उद्योगों का भी लिया जायजा
सांसद ने बोरई गांव में विकसित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र और ग्रामीण मार्ट का निरीक्षण किया। वहां महिला समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों और बच्चों के पोषण संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
इसके अलावा समन गांव में बकरी पालन और आंवला उत्पाद निर्माण, बाबेन गांव में गौ-पालन और बायोगैस संयंत्र, जीराहेड़ा में मत्स्य पालन, कुम्हेर में बेटी की लाइब्रेरी, कोरैरे गांव में गारमेंट्स इकाई तथा इंद्रोली में दुग्ध प्रसंस्करण इकाई का भी अवलोकन किया।
सांसद ने कहा कि संस्था के मार्गदर्शन और ग्रामीणों की मेहनत व सकारात्मक सोच से ये सभी कार्य सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
इस दौरान संस्था के पुनीत गुप्ता, सचिन, अनुज उपाध्याय और विष्णु मित्तल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कई गांवों में सांसद का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


