More
    Homeराजस्थानअलवरभाजपा ने अलवर के विकास के रोडमैप को विनाश के मैनिफेस्टो में...

    भाजपा ने अलवर के विकास के रोडमैप को विनाश के मैनिफेस्टो में बदल दिया- जितेन्द्र सिंह

    कांग्रेस का बोर्ड आते ही अलवर का कायाकल्प होगा, अब आम आदमी का हाथ कांग्रेस के साथ: टीकाराम जूली

    अलवर। नगर निगम चुनाव के रण में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अलवर के विकास और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर तीखा हमला बोला। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर शहर के वार्ड नंबर 1, 16,21,23,24,25,26,,29 और 36 सहित विभिन्न वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया तथा जनसभाओं को संबोधित किया। सभाओं में उमड़ी भीड़ को कांग्रेस नेताओं ने जनता के बदलाव के मूड का संकेत बताया।

    15 साल में भाजपा ने अलवर को सिर्फ छला: जितेन्द्र सिंह

    पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में भाजपा ने अलवर को विकास के नाम पर सिर्फ छलने का काम किया है। भाजपा के पास न कोई विजन है और न ही अलवर के विकास का कोई ठोस रोडमैप। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास के रोडमैप को विनाश के मैनिफेस्टो में बदल दिया है।

    सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में धरातल पर उतरी जनकल्याणकारी योजनाओं को भी भाजपा सरकार ने रोकने और उनमें कटौती करने का काम किया। आज अलवर की जनता पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। टूटी सड़कें, लटकते बिजली के तार और पेयजल संकट शहर की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि भाजपा शासन से त्रस्त जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और इस बार कांग्रेस को स्पष्ट एवं प्रचंड बहुमत देकर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाएगी।

    नाम बदलने से नहीं बुझेगी जनता की प्यास: जूली

    नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का काम सिर्फ कांग्रेस की योजनाओं के नाम बदलना रह गया है। उन्होंने ERCP का उदाहरण देते हुए कहा कि योजनाओं का नाम बदलने से जनता की समस्याएं खत्म नहीं होतीं।

    जूली ने कहा नाम बदलने से क्या होगा? जनता के कंठ आज भी प्यासे हैं और किसानों के खेत आज भी सूखे हैं।
    उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अलवर नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा देकर शहर को विकास की बड़ी संभावनाओं से जोड़ा था, लेकिन भाजपा सरकार ने अलवर नगर निगम को “नरक निगम” बनाकर रख दिया है।

    बारिश में सड़कें दरिया, सीवर ने बढ़ाई मुसीबत

    जूली ने शहर की बदहाल व्यवस्थाओं पर सरकार को घेरते हुए कहा कि ड्रेनेज सिस्टम के अभाव में बरसात के दौरान अलवर की सड़कें दरिया बन जाती हैं और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।

    उन्होंने कहा कि एक तो करेला, ऊपर से नीम चढ़ा वाली स्थिति है। अधूरी और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सीवर लाइन ने शहर की समस्याओं को और बढ़ा दिया है। शहर की गलियों में दुर्गंध, जगह-जगह कचरे के ढेर, आवारा पशु और टूटी नालियां भाजपा के कथित विकास मॉडल की हकीकत बयां कर रही हैं।

    जूली ने आरोप लगाया कि शहर की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय भाजपा सरकारें एक-दूसरे की उपलब्धियों के कसीदे पढ़ने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा मंत्रियों के हवाई दौरों, बड़े-बड़े होर्डिंग्स और विज्ञापनों पर खर्च किया जा रहा है, जबकि आम आदमी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है।

    महंगाई और बेरोजगारी ने युवाओं की कमर तोड़ी

    जूली ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने आमजन और युवाओं की कमर तोड़ दी है। उद्योग मेलों और रोजगार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिले और उन्हें मजबूरी में दूसरे शहरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।

    कांग्रेस का बोर्ड बनाकर अलवर के कायाकल्प का आह्वान

    जितेन्द्र सिंह और टीकाराम जूली ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन से एकजुट होकर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि अब फैसला अलवर की जनता को करना है कि शहर को बदहाली के रास्ते पर ले जाना है या विकास और जनसुविधाओं की दिशा में आगे बढ़ाना है।

    उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि अलवर की जनता अपने हाथों से अपना नगर निगम बोर्ड बनाए और कांग्रेस के हाथ को मजबूत करे। कांग्रेस का बोर्ड बनते ही अलवर के कायाकल्प और आम आदमी को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मजबूती से काम किया जाएगा।

    इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, श्वेता सैनी, अजीत यादव, संजीव बारेठ, अंकित गोयल, दीनबंधु शर्मा, नरेंद्र शर्मा,डॉ गौरव यादव,कांग्रेस प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here