टीकाराम जूली बोले- सरकार अब जनता से पूरी तरह कट चुकी है
अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को अलवर के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था तथा नगर निकायों की कार्यप्रणाली सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
प्रेस वार्ता के दौरान टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश की परीक्षा प्रणाली लगातार अविश्वसनीय होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET-2026 सहित कई बड़ी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक अब संगठित कारोबार का रूप ले चुका है, जिससे मेहनती विद्यार्थियों का विश्वास कमजोर हुआ है। जूली ने NEET-2026 मामले की स्वतंत्र जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं।
टीकाराम जूली ने कहा कि सरकारी स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं तथा शिक्षा का बढ़ता निजीकरण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा पर पर्याप्त निवेश नहीं कर रही है, जिसके कारण विद्यार्थियों को निजी संस्थानों और महंगी कोचिंग पर निर्भर होना पड़ रहा है।
रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। प्रेस वार्ता में अलवर नगर निगम, यूआईटी और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए। जूली ने कहा कि शहर में सीवरेज और सड़क निर्माण कार्यों के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मानसून से पहले नालों की सफाई नहीं होने को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने बिजली कटौती, खराब सड़कों और किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया। महंगाई के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम आदमी का बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार महंगाई नियंत्रित करने में असफल रही हैं।
अंत में टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी और शिक्षा, रोजगार, किसानों तथा आमजन के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर रोक, रोजगार के अवसर बढ़ाने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


