शंख एयरलाइंस को विमानन मंत्रालय ने जारी किया एनओसी, जनवरी 2026 में होगा शुभारंभ
मिशनसच न्यूज, नई दिल्ली | भारत के विमानन क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नई एयरलाइंस शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शंख एयरलाइंस को संचालन की सैद्धांतिक मंजूरी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट – एनओसी) जारी कर दी है। यह जानकारी विभिन्न राष्ट्रीय समाचार पत्रों और टीवी चैनलों के माध्यम से सामने आई।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के नेतृत्व वाले मंत्रालय द्वारा कुल तीन नई एयरलाइंस को हरी झंडी दी गई है, जिनमें पहला नाम शंख एयरलाइंस का है। शंख एयरलाइंस की मांग पंडित सीताराम त्रिपाठी द्वारा की जा रही थी।
जनवरी 2026 में होगा शुभ मुहूर्त
पंडित सीताराम त्रिपाठी ने बताया कि 24 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 9:30 बजे उन्हें सूचना दी गई कि नए वर्ष जनवरी 2026 में शंख एयरलाइंस का शुभ मुहूर्त किया जाना है। इसके लिए उन्हें तत्काल उदयपुर से दिल्ली पहुंचने को कहा गया, जिसके लिए विमान टिकट भी उपलब्ध कराया गया। सूचना मिलते ही वे उसी दिन दिल्ली पहुंच गए।
राष्ट्रीय मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित
25 दिसंबर 2025 को दैनिक भास्कर सहित कई प्रमुख समाचार पत्रों और टीवी चैनलों में शंख एयरलाइंस को मिली मंजूरी की खबर प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित की गई। विमानन क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार, यह मंजूरी देश में बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को देखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विमानन क्षेत्र में नए अवसर
शंख एयरलाइंस के शुरू होने से न केवल हवाई यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे, बल्कि रोजगार सृजन और क्षेत्रीय संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा। आगामी दिनों में कंपनी की रूट योजना, बेड़े और सेवाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक किए जाने की संभावना है।
पंडित सीताराम त्रिपाठी ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि नए साल में यह परियोजना साकार रूप लेने जा रही है । पंडित त्रिपाठी शंख विशेषज्ञ है जो पिछले काफी समय से इस नाम की एयरलाइंस की मांग कर रहे थे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


