तिजारा में ग्राम रथ अभियान से जनसंवाद, देवनारायण मंदिर कार्यक्रम में भी शामिल हुए महंत बालकनाथ
भिवाड़ी। तिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र तिजारा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। दिनभर धार्मिक, सामाजिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने शाम को भिवाड़ी पहुंचकर केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव का भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भव्य स्वागत किया।
महंत बालकनाथ योगी दोपहर में जलालपुर (तिजारा) में आयोजित भगवान देवनारायण जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं भंडारा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान देवनारायण जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसके बाद विधायक ने “खुशहाल राजस्थान, बढ़ता राजस्थान” की थीम के तहत तिजारा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ग्राम रथ अभियान में भाग लिया। अभियान के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
महंत बालकनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से डबल इंजन सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
शाम को विधायक महंत बालकनाथ योगी भिवाड़ी पहुंचे, जहां पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का हजारों भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


