More
    Homeमतगणना के दिन खैरथल में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन लागू

    मतगणना के दिन खैरथल में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन लागू

    किशनगढ़बास, हरसोली और मुंडावर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तय किए वैकल्पिक मार्ग, प्रत्याशियों और कार्मिकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल

     

    खैरथल। पंचायती राज चुनाव की मतगणना के मद्देनजर 20 नवंबर को खैरथल शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। मतगणना स्थल के आसपास सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन, प्रवेश निषेध और पार्किंग की विशेष व्यवस्था निर्धारित की है।

    जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने बताया कि मतगणना दिवस पर विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। किशनगढ़बास की ओर से आने वाले बड़े वाहन गौरव पथ से किरवारी फाटक होते हुए गुजरेंगे, जबकि छोटे वाहनों के लिए मेन रेलवे फाटक का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं हरसोली और मुंडावर की ओर से आने वाले सभी वाहनों को बाइपास रोड होते हुए अनाज मंडी की ओर से आवागमन करना होगा।

    उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था के तहत किशनगढ़बास की ओर से अंडरपास की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार अंबेडकर सर्किल से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की तरफ भी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों की पालना करने की अपील की गई है।

    प्रत्याशियों और कार्मिकों के लिए अलग पार्किंग

    मतगणना में शामिल होने वाले प्रत्याशियों के वाहनों के लिए बस स्टैंड, अनाज मंडी और कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं मतगणना ड्यूटी में तैनात कार्मिक अपने वाहन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में पार्क कर सकेंगे। प्रत्याशियों और मतगणना कार्मिकों के लिए मतगणना स्थल में प्रवेश गेट नंबर-1 से निर्धारित किया गया है।

    कृषि उपज मंडी में रहेगा अवकाश

    मतगणना दिवस 20 नवंबर को कृषि उपज मंडी खैरथल में अवकाश रहेगा। ऐसे में किसानों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे मंडी में अवकाश को ध्यान में रखते हुए अपनी कृषि उपज के क्रय-विक्रय और आवागमन की योजना बनाएं।

    पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी अवश्य लें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और सड़क किनारे वाहन पार्क करने से बचें। मतगणना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन कर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here