खैरथल के ढेलावास में मधुमक्खी हमले के बीच 108 टीम ने किया साहसिक रेस्क्यू
खैरथल। तातारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढेलावास में शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां करीब 56 वर्षीय बुजुर्ग धूल सिंह पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। देखते ही देखते करीब 500 से अधिक मधुमक्खियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ डंक मारने लगे, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद लोग भयभीत हो गए और कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। हालात इतने खतरनाक थे कि थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी।
इसी बीच सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मी सीताराम और महेंद्र यादव ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत PP किट पहनकर मौके पर पहुंच बनाई। उन्होंने जोखिम उठाते हुए मधुमक्खियों के बीच फंसे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद गंभीर रूप से घायल धूल सिंह को तुरंत अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
इस पूरी घटना में 108 एंबुलेंस टीम की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी जान बचा ली। क्षेत्र में उनकी इस कार्यवाही की सराहना की जा रही है और लोग उन्हें देवदूत के रूप में देख रहे हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


