अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ का आयोजन, भ्रूण लिंग जांच रोकने के लिए मुखबीर योजना की दी जानकारी
अलवर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ की ओर से सामान्य चिकित्सालय परिसर स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज में महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान रंगोली, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। देश की रक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक महिलाओं ने यह साबित किया है कि वे किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल जागरूकता का माध्यम नहीं बल्कि एक संकल्प का अवसर भी है। सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि महिलाओं को आगे बढ़ने में सहयोग करेंगे।
जिला पीसीपीएनडीटी समन्वयक गफूर खान ने बताया कि भ्रूण लिंग परीक्षण रोकने के लिए सरकार की मुखबीर योजना के तहत तीन लाख रुपए तक का पुरस्कार दिया जाता है। ऐसी किसी भी सूचना को टोल फ्री नंबर 108, 181 या विभाग के व्हाट्सएप नंबर 9799997795 पर देकर समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाई जा सकती है।
बीएससी नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप अवस्थी, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्रिंसिपल रोशनलाल सैनी, साहडोली पीएचसी प्रभारी डॉ. अंबिका पटेल और जिला कार्यक्रम प्रबंधक पुष्पेन्द्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए जागरूकता संबंधी जानकारी दी।
प्रतियोगिताओं में रहे ये विजेता
कार्यक्रम में आयोजित रंगोली, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में अंकिता, रजनी और योगिता की टीम प्रथम, दीपा, मीना और मोनिका की टीम द्वितीय तथा टीना, यशोदा और सीमा की टीम तृतीय स्थान पर रही।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में टीना प्रथम, जया द्वितीय और अंतिम तृतीय स्थान पर रही। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में सीमा प्रथम, अंजलि द्वितीय और भावना तृतीय स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में काजल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर लक्ष्मणगढ़ बीसीएमओ डॉ. देवी सिंह, जगन्नाथ मंदिर पीएचसी प्रभारी डॉ. फूलचंद मीणा, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के ट्यूटर अनिल सुरेला, मुकेश चाहर और मंजू यादव सहित अस्पताल के कार्मिक व बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


