More
    Homeराजस्थानजयपुरमुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की पहली एसी ट्रेन को...

    मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की पहली एसी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

    50 हजार वरिष्ठजन करेंगे तीर्थ यात्रा, रामेश्वरम और मदुरई के लिए रवाना हुई राजस्थान वाहिनी

    जयपुर।
    राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025-26 का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से ‘राजस्थान वाहिनी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन’ को हरी झंडी दिखाकर रामेश्वरम एवं मदुरई के लिए रवाना किया। यह योजना राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों की नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाने हेतु प्रारंभ की गई है, जिसकी पहली खेप वातानुकूलित (एसी) ट्रेन द्वारा शुरू हुई।

    मुख्यमंत्री ने कहा, “वरिष्ठजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन अनुभवों से हमें मार्गदर्शन मिलता है। यह योजना उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का एक माध्यम है।”

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों से मिलकर उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।


    सनातन संस्कृति और भाईचारे का संदेश

    श्री शर्मा ने कहा कि “देश के तीर्थ स्थल न केवल धार्मिक भावना से जुड़े हैं, बल्कि समाज में भाईचारा और एकता को भी मजबूत करते हैं।” उन्होंने बताया कि तीर्थ यात्रा के दौरान भोजन, आवास एवं अन्य सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।


    मोदी सरकार से मिली सनातन संस्कृति को नई ऊर्जा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नया जीवन मिला है। उन्होंने सोमनाथ, महाकाल लोक, केदारनाथ और अयोध्या जैसे तीर्थ स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से राष्ट्र की धार्मिक चेतना को नई दिशा मिली है।


    इस वर्ष 50,000 वरिष्ठजन करेंगे तीर्थ यात्रा

    मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 13 प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को एसी ट्रेनों से यात्रा करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त लगभग 6,000 श्रद्धालुओं को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन भी करवाए गए हैं।

    उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा मंदिरों की मासिक भोग राशि में वृद्धि, उत्सव आयोजन, जीर्णोद्धार और जनसुविधाओं के विस्तार जैसे कई कार्य भी किए जा रहे हैं।


    उल्लेखनीय उपस्थिति

    इस अवसर पर देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, जयपुर ग्रेटर महापौर सौम्या गुर्जर, अन्य जनप्रतिनिधि, तीर्थयात्री और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here