मुनि विनम्र सागर महाराज के विहार पर श्रद्धालुओं में उत्साह, प्रवचन और अभिषेक कार्यक्रम होंगे आयोजित
अलवर। समाधिस्थ दिगम्बर जैनाचार्य संत शिरोमणि विद्यासागर महाराज के सुशिष्य एवं अलवर में विराजमान मुनि विनम्र सागर महाराज ससंघ 14 जून को अहिंसा स्थल दिगम्बर जैन मंदिर के लिए मंगल विहार करेंगे। इस अवसर पर जैन समाज में विशेष उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मुनि विनम्र सागर महाराज का विहार प्रातः होगा प्रारंभ
अहिंसा स्थल के प्रबंधक बच्चू सिंह जैन ने बताया कि मुनि विनम्र सागर महाराज अपने संघ सहित शनिवार प्रातः लगभग 5 बजे स्थानीय स्कीम नंबर-10 स्थित जैन मंदिर से विहार प्रारंभ करेंगे। यात्रा के दौरान मुनि श्री मन्नी का बड़ स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर तथा करोली कुंड स्थित जैन नसिया जी में दर्शन करेंगे और इसके बाद जयपुर रोड स्थित ढाई पैड़ी के अहिंसा स्थल दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचेंगे।
अहिंसा स्थल पर होंगे धार्मिक आयोजन
अहिंसा स्थल पहुंचने पर जैन समाज की ओर से मुनि ससंघ का पाद प्रक्षालन एवं भव्य अगवानी की जाएगी। मुनि श्री के सानिध्य में भगवान के अभिषेक, शांतिधारा तथा धर्मसभा का आयोजन होगा, जिसमें मुनि विनम्र सागर महाराज श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। साथ ही वे अहिंसा स्थल परिसर एवं नव स्थापित श्री भक्तामर आरोग्य धाम का अवलोकन भी करेंगे।
दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु
जैन पत्रकार महासंघ, अलवर के जिला संयोजक हरीश जैन ने बताया कि 11 जून को मुनि विनम्र सागर महाराज ससंघ का स्कीम नंबर-10 स्थित जैन मंदिर में मंगल प्रवेश होने के बाद से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी जैन धर्मावलंबी लगातार अलवर आ रहे हैं। जिस मंदिर में मुनि श्री विराजमान हैं, उसे आकर्षक ढंग से सजाया गया है और वहां श्रद्धा एवं भक्ति का वातावरण बना हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

