सपेरा संस्कृति पर बनी ग्राफिटी में गुदड़ी कला और परंपराओं को रचनात्मक रूप से किया प्रदर्शित
अलवर। वर्ल्ड कॉमिक्स इंडिया द्वारा घुमंतू समुदायों के साथ चलाए जा रहे सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बुर्जा के पास स्थित गांव मेडीबास में सपेरा समुदाय की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती आकर्षक ग्राफिटी का अनावरण किया गया।

इस ग्राफिटी में सपेरा समुदाय के पारंपरिक जीवन, लोक कला, सांस्कृतिक पहचान, पहनावे और विलुप्त होती गुदड़ी कला को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया है। कला के माध्यम से समुदाय के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का यह प्रयास लोगों के आकर्षण का केंद्र बना।
ग्राफिटी का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद मालिक, सामाजिक चिंतक बी.एल. वर्मा और समुदाय के लोगों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बस्ती के युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की कला गतिविधियां समुदाय की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि विमुक्त और घुमंतू समुदायों की संस्कृति को सम्मान और पहचान दिलाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए।
स्थानीय निवासी नेतराम ने कहा कि इस तरह की पहल आने वाली पीढ़ियों को सपेरा संस्कृति पर गर्व करने का अवसर देगी। वहीं मैना देवी ने कहा कि ग्राफिटी में समुदाय के पारंपरिक पहनावे और गुदड़ी कला को बेहद सुंदर तरीके से दर्शाया गया है, जो सराहनीय है।
स्थानीय निवासी संगीता और कविता, जो लंबे समय से वर्ल्ड कॉमिक्स इंडिया के साथ कार्य कर रही हैं, उनके घर की बाहरी दीवार पर इस ग्राफिटी को तैयार किया गया है।
संस्था के संस्थापक कार्टूनिस्ट शरद शर्मा ने बताया कि यह एक व्यापक कला आंदोलन का हिस्सा है, जिसके तहत अलवर की विभिन्न घुमंतू बस्तियों में इसी प्रकार की ग्राफिटी बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व डेहरा स्थित बंजारा बस्ती में भी ऐसी ही ग्राफिटी बनाई गई थी। इस पहल का उद्देश्य समुदाय के बच्चों और युवाओं को उनकी पहचान, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए सकारात्मक मंच प्रदान करना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


