More
    Homeराजस्थानअलवरराजगढ़ में भगवान जगन्नाथ जी के गंगा बाग मेले की तैयारियां जोरों...

    राजगढ़ में भगवान जगन्नाथ जी के गंगा बाग मेले की तैयारियां जोरों पर, दुकानों के आवंटन के लिए निकाली गई लॉटरी

    राजगढ़ (अलवर), । राजगढ़ कस्बे के गंगा बाग में आगामी 27 जून से भरने वाले भगवान जगन्नाथ जी महाराज के परंपरागत मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेले के सफल आयोजन हेतु नगर पालिका प्रशासन और उपखंड प्रशासन सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।

    गंगा बाग स्थित मेला स्थल पर दुकानों की मार्किंग और कच्चे रास्तों का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। वहीं झूले, खिलौने व मनिहारी सामान बेचने वाले दुकानदार भी स्थल पर पहुंचने लगे हैं। कुछ झूले पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष झूलों का कार्य भी प्रगति पर है।

    दुकानों के अस्थायी आवंटन की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी कर ली गई।
    नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दुकानदारों ने भाग लिया। नगर पालिका के प्रारूपकार विकास भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ जी महाराज का मेला 26 व 27 जून से प्रारंभ होकर 4 जुलाई तक चलेगा।

    उन्होंने बताया कि मेले को सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में 10 जून को समीक्षा बैठक हुई थी। उसी के तहत 20 जून को नगर पालिका में अस्थाई दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया को लॉटरी प्रणाली से निष्पक्ष रूप से पूर्ण किया गया।

    प्रशासन का उद्देश्य है कि हर दुकानदार को समान अवसर मिले और श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। इसके लिए सड़क व्यवस्था, दुकान स्थान निर्धारण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


    मुख्य बिंदु:

    • भगवान जगन्नाथ जी महाराज का मेला 27 जून से 4 जुलाई तक

    • नगर पालिका द्वारा दुकानों की मार्किंग और कच्चे रास्तों का निर्माण जारी

    • झूले और अन्य मनोरंजन साधनों की स्थापना प्रारंभ

    • अस्थाई दुकानों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से

    • उपखंड अधिकारी द्वारा समीक्षा बैठक के निर्देशों की पालना

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here