राजगढ़ के कलेशान गांव के पास भूरा सिद्ध हनुमान मंदिर के निकट झाड़ियों में बैठा मिला, वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था की मांग
राजगढ़। सड़क मार्ग पर स्थित कलेशान गांव के समीप भूरा सिद्ध हनुमान मंदिर के नीचे देर रात एक लैपर्ड दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शी ने लैपर्ड का वीडियो भी बनाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

प्रत्यक्षदर्शी लखन सिंह ने बताया कि वह देर रात राजगढ़ से रैणी की ओर कार से जा रहे थे। इसी दौरान कलेशान गांव के पास भूरा सिद्ध हनुमान मंदिर के नीचे सड़क किनारे झाड़ियों में एक लैपर्ड बैठा दिखाई दिया। उन्होंने वाहन रोककर उसका वीडियो भी बना लिया।
उन्होंने बताया कि राजगढ़-डेरा सड़क मार्ग पर देर रात तक वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे लैपर्ड की मौजूदगी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकती है। इसे देखते हुए उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र की निगरानी बढ़ाने और आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
कलेशान गांव निवासी महेंद्र उषाहरा ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में लैपर्ड ने एक बकरी का शिकार किया था। लगातार वन्यजीव की गतिविधियां सामने आने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि वन विभाग को नियमित गश्त कर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

