अलवर में रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष में आयोजित कराटे कप 2025 में 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। आरएलबी एकेडमी ने प्रथम स्थान हासिल किया जबकि एंजल जैन और अक्षय शर्मा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
मिशनसच न्यूज, अलवर।
अलवर जिले में खेल और संस्कृति के संगम को जीवंत करते हुए आज द रिवाज रिसॉर्ट (कंपनी बाग के सामने) में “रानी लक्ष्मीबाई कराटे कप 2025” का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता आगामी रानी लक्ष्मीबाई की जयंती (19 नवंबर) के उपलक्ष में आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य बालक-बालिकाओं में आत्मरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन रानी लक्ष्मीबाई मार्शल आर्ट्स अकादमी के बैनर तले हुआ, जिसकी संस्थापक पायल सैनी ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न स्कूलों से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता की शुरुआत सीनियर जनरल मैनेजर संतोष देशप्रभु द्वारा खिलाड़ियों को फाइट शुरू करने के उद्घोष के साथ हुई।
कार्यक्रम में जोश, अनुशासन और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, तकनीक और जज़्बे से दर्शकों को रोमांचित किया। निर्णायकों ने निष्पक्ष निर्णय के लिए अलवर जिले से बाहर के 8 अनुभवी जज व रेफरी नियुक्त किए गए, जिन्होंने प्रतियोगिता को पारदर्शी और संतुलित तरीके से संपन्न करवाया।
प्रतियोगिता में आरएलबी एकेडमी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम टीम पुरस्कार अपने नाम किया। नॉलेज सिटी स्कूल को द्वितीय स्थान और अलवर पब्लिक स्कूल को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं व्यक्तिगत श्रेणी में अक्षय शर्मा (बालक वर्ग) और एंजल जैन (बालिका वर्ग) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब हासिल किया।
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु श्री आदिनाथ जैन शिक्षण संस्था के अध्यक्ष अशोक जैन अमोगिज ने दोनों सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को साइकिल उपहार में देने की घोषणा की, जिससे मंच पर उत्साह का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी सौरव कालरा ने रानी लक्ष्मीबाई की वीरता, त्याग और देशभक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “हर बेटी में झाँसी की रानी की शक्ति छिपी है, बस जरूरत है उसे पहचानने और संवारने की।” उन्होंने युवाओं से मार्शल आर्ट्स जैसी गतिविधियों के माध्यम से आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता की क्लोजिंग सेरेमनी 19 नवंबर 2025 को रानी लक्ष्मीबाई जयंती के अवसर पर आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अकादमी की प्रशिक्षक पायल सैनी, कोचिंग स्टाफ, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता ने साबित कर दिया कि अलवर खेल प्रतिभाओं की नई पीढ़ी तैयार कर रहा है, जो आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेगी।


