संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम ने कहा – अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और श्रेष्ठ सनातन परंपरा के कारण भारत आज मानवता को दिशा देने का कार्य कर रहा है
मिशनसच न्यूज, अलवर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में महावर ऑडिटोरियम, अलवर में एक प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के वरिष्ठ नागरिक, गणमान्यजन एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गोष्ठी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम ने संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में निंबाराम जी ने कहा कि आज विश्व में भारतीयों की एक विशिष्ट पहचान बनी है, जो हमारी आध्यात्मिक शक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों का परिणाम है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और श्रेष्ठ सनातन परंपरा के कारण भारत आज मानवता को दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का स्मरण करते हुए कहा कि यदि उन्हें अपने जैसे सौ नवयुवक मिल जाएं तो वे देश को नई दिशा दे सकते हैं। इसी विचार से प्रेरित होकर पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने अपने अथक प्रयासों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की और शाखाओं के माध्यम से समाज को संगठित करने का कार्य प्रारंभ किया।
उन्होंने शाखा की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शाखा नित्य नूतन और चिर पुरातन श्रेष्ठ हिंदुओं का संगठन है, जहां शारीरिक और बौद्धिक विकास के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण किया जाता है। संघ का उद्देश्य ऐसा समाज बनाना है जो संगठित हो, निर्बल न हो। संघ का कोई अलग विचार नहीं है, जो भारत का विचार है वही संघ का विचार है। संघ प्रारंभ से ही ‘जियो और जीने दो’ के भाव के साथ सबको साथ लेकर चलने वाला, खुले विचारों वाला संगठन रहा है।
निंबाराम जी ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए पांच प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया। इनमें सामाजिक समरसता, शिष्टाचार का पालन, पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत प्लास्टिक का त्याग, नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन, तथा स्वयं के बोध के साथ अपनी संस्कृति, देश, गौरव और ध्वज का सम्मान शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने कुटुंब प्रबोधन पर बल देते हुए कहा कि परिवार में सप्ताह में कम से कम एक दिन सभी सदस्य साथ बैठकर भोजन करें, भजन करें और आपसी संवाद स्थापित करें।
गोष्ठी में संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूजनीय डॉ. हेडगेवार जी के स्वतंत्रता संग्राम में संघ के योगदान, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


