जैन आर्यिकाओं की मौत पर साजिश की आशंका, SIT जांच और संत सुरक्षा नीति की उठी मांग
कठूमर। मध्यप्रदेश के रीवा में 20 मई को सड़क हादसे में दो जैन आर्यिकाओं की मौत के मामले को लेकर जैन समाज में भारी रोष व्याप्त है। समाज के लोगों ने इस घटना में साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है।
इसी को लेकर 25 मई को कठूमर में जैन समाज प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपेगा।
जैन समाज के अध्यक्ष मुकेश जैन एवं जीतो प्रतिनिधि अशोक जैन ने बताया कि साधु-साध्वियों की सड़क दुर्घटनाओं के नाम पर लगातार हो रही मौतों के विरोध में समाज के लोग बड़ी संख्या में सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंचेंगे और ज्ञापन देंगे।
धर्म जागृति महिला मंडल अध्यक्ष इंद्रा जैन एवं पूर्व अध्यक्ष विजयपाल जैन ने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जैन साधु-साध्वी विश्व कल्याण एवं अहिंसा का संदेश देते हैं, ऐसे में उनके साथ होने वाली घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक हैं।
समाज की ओर से मांग की गई है कि रीवा में विहाररत आर्यिकाओं की मौत की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा इसके लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए। साथ ही घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई गई है।
ज्ञापन के माध्यम से दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई, संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने तथा राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाए जाने की भी मांग की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

