वास्तविक वेतन पर पेंशन की मांग को लेकर धरना, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
अलवर। राजस्थान रोडवेज (आरएसआरटीसी) रिटायर्ड एम्पलाइज एसोसिएशन की ओर से वास्तविक वेतन पर पेंशन की मांग को लेकर मंगलवार को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) कार्यालय, अग्रसेन सर्किल पर धरना दिया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के सचिव गंगाराम शर्मा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2022 के फैसले के अनुसार रिटायर्ड कर्मचारियों को वास्तविक वेतन के आधार पर उच्च पेंशन मिलनी चाहिए। इसके बावजूद पिछले कई वर्षों से कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ईपीएफओ और केंद्र सरकार की उदासीनता के कारण कर्मचारियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में रिटायर्ड कर्मचारियों को केवल 1000 से 2000 रुपये तक की पेंशन मिल रही है, जो बढ़ती महंगाई के दौर में जीवनयापन के लिए अपर्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की सैलरी से नियमित कटौती के बावजूद उन्हें उचित पेंशन नहीं दी जा रही है, जबकि जनप्रतिनिधियों को कई प्रकार की पेंशन सुविधाएं मिल रही हैं।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज करते हुए बड़े स्तर पर घेराव किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


