लिफ्ट मांगकर रचा जाल, नेता को बंधक बनाकर बनाई अश्लील वीडियो
राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के कथित अपहरण, मारपीट, लूटपाट और डिजिटल ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज वारदात में एक महिला सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच के अनुसार, एक परिचित महिला ने साजिश के तहत बीजेपी नेता से रास्ते में लिफ्ट मांगी और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें बंधक बना लिया। आरोप है कि आरोपियों ने नेता के साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए और निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किया।
भोपाल से लौटते समय हुई वारदात
घटना 10 मई की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दीपक शर्मा भोपाल से राजगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान तीज बदली क्षेत्र में मंजू प्रजापति नाम की परिचित महिला ने उनकी गाड़ी रुकवाई।
गाड़ी रुकते ही महिला ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और कथित रूप से नेता को बंधक बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया और मना करने पर वीडियो परिवार को भेजने की धमकी दी।
परिजनों को धमकी देकर वसूले पैसे
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित के परिजनों को फोन कर जान से मारने की धमकी भी दी। डर के माहौल में परिवार ने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए। आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित से जबरन 3 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर भी करवा लिए।
वारदात के बाद आरोपी पीड़ित को मौके पर छोड़कर फरार हो गए और जाते-जाते 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस तक पहुंचे आरोपी
पीड़ित की शिकायत पर कुरावर पुलिस थाना ने जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों के ठिकाने का पता लगाया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने सीहोर के ईदगाह क्षेत्र में घेराबंदी कर देवा वंशकार, रविंद्र जीत डग, अदनान खान, कृष्णा यादव, तरुण मेवाड़ा, रितिक वाल्मीकि और मुख्य साजिशकर्ता मंजू प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार कुछ आरोपियों पर पहले से हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
नकदी, गहने और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 67 हजार रुपये नकद, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, हस्ताक्षरित दो चेक, करीब 1.20 लाख रुपये कीमत की राडो घड़ी, 1.50 लाख रुपये मूल्य की सोने की अंगूठी, चांदी का लॉकेट, वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार और तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क की जांच जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


