गुणवत्ता वाले विकास कार्य समयबद्ध पूर्ण कराने के दिए निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर प्रगतिरत विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने ग्राम सिरमौली में निर्माणाधीन आईटीआई भवन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई माह तक विकास कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। साथ ही परिसर की आंतरिक सड़कों का निर्माण भी समानांतर रूप से कराया जाए। उन्होंने रूफ टॉप सोलर पैनल लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद उन्होंने दिवाकरी स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय पर पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला कलक्टर ने उमरैण में निर्माणाधीन खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर खेल मैदान को विकसित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम चांदोली में एनिकट पुनरुद्धार कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वर्षा जल संचयन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि एनिकट में वर्षा जल के प्रवाह में किसी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए, जिससे अधिकतम जल संचयन संभव हो सके और भूजल स्तर में सुधार आए।
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, अधिशासी अभियंता अल्का व्यास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


