पर्यावरण संरक्षण के साथ लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का संदेश
अलवर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को जिलेभर में ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ थीम पर विशेष स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेश डागुर ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित होने वाली इन गतिविधियों के तहत विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में छायादार अथवा फलदार स्थानीय प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी राजकीय एवं निजी विभागों, कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, मैरिज होम, पेट्रोल पंप, शॉपिंग मॉल, पार्क सहित अन्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध स्थान के अनुसार पौधारोपण कराया जाएगा। प्रत्येक पौधे को “लोकतंत्र का पेड़-ट्री ऑफ डेमोक्रेसी 2026” नाम दिया जाएगा।
पौधारोपण स्थल पर एक छोटी पट्टिका भी लगाई जाएगी, जिसमें पौधा लगाने वाले अधिकारी अथवा व्यक्ति का नाम तथा तिथि अंकित होगी। इससे पौधों के संरक्षण और उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी।
अभियान के दौरान उपस्थित कर्मचारियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के साथ-साथ मतदाता पंजीकरण, मतदान के संवैधानिक अधिकार, नैतिक मतदान की आवश्यकता तथा निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई डिजिटल सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण और लोकतंत्र सुदृढ़ीकरण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

