समाधान की दिशा में भिवाड़ी की पानी समस्या पर तेज होंगे विकास कार्य
तिजारा। विधायक महंत बालकनाथ योगी ने तिजारा विधानसभा क्षेत्र को मिली विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं अलवर सांसद व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी में गंदे पानी और जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और आने वाले समय में इसका स्थायी समाधान होगा।
तिजारा विधानसभा क्षेत्र के भिवाड़ी एवं सलालपुर (टपूकड़ा) में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनिर्मित 34 एमएलडी एसटीपी प्लांट, एसटीपी से शोधित पानी को ग्वालदा तक पहुंचाने वाली पाइपलाइन परियोजना, सलालपुर औद्योगिक क्षेत्र में एल्सीना ग्रुप की सेमीकंडक्टर कंपनी तथा टपूकड़ा में सीएसआर फंड से निर्मित राजकीय बालिका कॉलेज का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर विधायक महंत बालकनाथ योगी ने विधानसभा क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इन विकास परियोजनाओं से क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक और पर्यावरणीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी में लंबे समय से गंदे पानी और जलभराव की समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब एसटीपी परियोजना और पाइपलाइन निर्माण से इस समस्या का समाधान संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि एसटीपी से शोधित पानी का उपयोग भविष्य में किसान भाइयों के लिए सिंचाई सहित अन्य कार्यों में किया जा सकेगा। साथ ही थड़ा और खुशखेड़ा क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले पानी को भी शोधित कर खेती और अन्य उपयोग में लाने की योजना पर काम चल रहा है।
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि तिजारा विधानसभा की जनता ने भाजपा नेतृत्व पर जो विश्वास जताया है, सरकार उसी भावना के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

