विधानसभा में उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र के कार्यों पर बाबूलाल खराड़ी का आश्वासन
जयपुर। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा उदयपुर जिले तथा उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र के सभी स्वीकृत कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएंगे।
14320.68 लाख के 707 कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति
मंत्री ने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा उदयपुर जिले में कुल 14320.68 लाख रुपये की लागत से 707 कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी की गई हैं।
इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र उदयपुर ग्रामीण में 62 कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 35 कार्यों की वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है।
सड़क संबंधी समस्या पर दिया आश्वासन
प्रश्नकाल के दौरान विधायक फूल सिंह मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने कहा कि सदस्य द्वारा उठाई गई सड़क संबंधी समस्या पर प्रस्ताव प्राप्त होते ही शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
99 कार्य पूर्ण, शेष में प्रक्रिया जारी
मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 तक स्वीकृत 707 कार्यों में से 99 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्यों में देरी का मुख्य कारण निविदा प्रक्रिया, भूमि विवाद, कार्यकारी एजेंसी स्तर पर विलंब आदि रहे हैं।उन्होंने पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों का विधानसभा क्षेत्रवार विवरण सदन के पटल पर रखा।
उदयपुर ग्रामीण में 27 कार्य लंबित
उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र में वर्ष 2024 व 2025 में स्वीकृत 62 कार्यों में से 35 कार्यों को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। शेष 27 कार्यों की वित्तीय स्वीकृति तकनीकी स्वीकृति, सहभागिता राशि, प्रस्तावित स्थल के जियो-टैग फोटो आदि दस्तावेज प्राप्त नहीं होने के कारण लंबित है।
मंत्री ने कहा कि आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होते ही लंबित कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

