तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास से परीक्षा देने की अपील, अभिभावकों से सकारात्मक माहौल बनाने का आग्रह
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं सहित सीबीएसई, आईसीएसई तथा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सफलता के लिए निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच को आवश्यक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा जीवन की एक महत्वपूर्ण सीढ़ी है, जो विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को मजबूत बनाती है। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं बिना किसी तनाव के पूरे परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं एकाग्रता के साथ परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और नियमित तैयारी से निश्चित रूप से अच्छे परिणाम प्राप्त होते हैं।
शर्मा ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें प्रोत्साहित करें और घर में सकारात्मक व सहयोगी वातावरण बनाए रखें, ताकि विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग बच्चों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के लिए शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। परीक्षाओं के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी परेशानी के अपनी परीक्षा दे सकें।
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से प्रारंभ होंगी। इसके साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों तथा कक्षा 8वीं, 5वीं और राज्य स्तरीय समान परीक्षाएं भी निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएंगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


