More
    Homeराजस्थानअलवरशिव महिमा के प्रवचनों से गूंजा श्रीराम मंदिर, तीसरे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं...

    शिव महिमा के प्रवचनों से गूंजा श्रीराम मंदिर, तीसरे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

    डॉ. शिवम साधक ने बताया घर में शिवलिंग स्थापना का महत्व, ब्रज सांस्कृतिक कार्यक्रम व चरकुला नृत्य ने बांधा समां

    अलवर। शिव कृपा आनंद महोत्सव के तृतीय दिवस पर आयोजित शिव कथा में परम पूज्य डॉ. शिवम साधक जी महाराज ने श्रद्धालुओं को शिव भक्ति की महिमा बताते हुए कहा कि जहां शिवलिंग विराजमान होता है, वह स्थान किसी तीर्थ से कम नहीं होता। इसलिए प्रत्येक सनातनी को अपने घर में शिवलिंग स्थापित कर नियमित पूजा-अर्चना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धा से शिव कथा सुनने वाले को उसका पूर्ण फल अवश्य प्राप्त होता है।

    महाराज श्री ने प्रवचन देते हुए कहा कि सच्चे मन से किया गया धर्म ही फलदायी होता है। उन्होंने समझाया कि अपनी प्रशंसा सुनकर अहंकार बढ़ता है, जिससे पुण्यों का नाश होता है, जबकि निंदा सुनने से पाप कम होते हैं। नारद जी के प्रसंग के माध्यम से उन्होंने बताया कि भगवान अपने भक्तों का अहंकार दूर कर उन्हें सच्चे मार्ग पर ले आते हैं।

    कथा के पश्चात दूर-दूर से आए भक्तों ने भगवान शिव के दिव्य चंदन प्रसाद को श्रद्धा पूर्वक धारण किया। मान्यता है कि इस चंदन को धारण करने से कष्टों का निवारण होता है और जीवन में सुख-शांति का वास होता है।

    रात्रि 8 बजे आयोजित ब्रज सांस्कृतिक कार्यक्रम में चरकुला नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भक्तगण भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे और पूरा परिसर भक्ति व आनंद से सराबोर हो उठा।

    इस अवसर पर अलवर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष योगेश मिश्रा भी कथा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ व संतों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने अलवरवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

    साधक सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. एस.सी. मित्तल ने आरती कर आयोजन की सराहना की। उन्होंने मंच की सजावट, थीम व शिवलिंग के आकर्षक स्वरूप की प्रशंसा करते हुए आयोजन स्थल उपलब्ध कराने के लिए अशोक सैनी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

    कथा में यजमान मदन गटर वाले, डॉ. एस.सी. मित्तल, सुभाष मित्तल, अल्का मित्तल, गिरीश गुप्ता, संदीप अग्रवाल, भावना अग्रवाल, अनिल बंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा हॉल भक्तों से खचाखच भरा रहा।

    समिति अध्यक्ष ने बताया कि यह भव्य आयोजन 9 से 15 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे श्रीराम मंदिर, अपना घर शालीमार सोसाइटी में जारी रहेगा। 12 फरवरी को शाम को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here