अलवर में करियर गाइडेंस कैंप, 240 विद्यार्थियों और अभिभावकों को रोजगार व उद्यमिता की दी जानकारी
अलवर। राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय, एसएमडी अलवर में प्रेरणा परियोजना के तहत प्लान इंडिया एवं मेट्सो की ओर से स्वजा फाउंडेशन के सहयोग से करियर गाइडेंस कैंप आयोजित किया गया। कैंप में मालाखेड़ा, रामगढ़ एवं उमरैण ब्लॉक के 20 गांवों एवं राजकीय विद्यालयों से करीब 240 किशोर-किशोरियों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और लक्ष्य के अनुसार करियर विकल्प चुनने के लिए मार्गदर्शन भी दिया गया।
शिक्षा के साथ कौशल पर जोर
स्किल एक्सपर्ट पुनीत सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल शिक्षा प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। शिक्षा के साथ संवाद एवं संचार कौशल तथा रोजगार से जुड़े आवश्यक कौशल विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा और कौशल विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार, गैर-सरकारी संस्थाओं एवं निजी संस्थाओं के माध्यम से युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में उद्यमिता की संभावनाओं के साथ कौशल प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध ऋण एवं वित्तीय सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुनीत सिंह ने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने के साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी प्रेरित किया।
बैंकिंग से लेकर विदेश में रोजगार तक की जानकारी
कैंप में विद्यार्थियों को बैंकिंग, माइक्रोफाइनेंस, कॉन्ट्रैक्शन सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों के बारे में बताया गया। इसके अलावा जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार के लिए आवश्यक कौशल एवं संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका जवाब देते हुए उन्हें उनकी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुसार विकल्प चुनने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
तीन महीने से चल रहा था जागरूकता अभियान
प्लान इंडिया के सदाकांत तिवाड़ी ने बताया कि पिछले तीन महीनों से रामगढ़, मालाखेड़ा एवं उमरैण ब्लॉक के विभिन्न गांवों में करियर को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के बाद विशेषज्ञों के साथ विद्यार्थियों के लिए यह करियर गाइडेंस कैंप आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को समय रहते अपने लक्ष्य निर्धारित कर उसी के अनुरूप शिक्षा और कौशल का चुनाव करना चाहिए, ताकि भविष्य में रोजगार एवं अन्य अवसरों का लाभ उठाया जा सके।
कार्यक्रम में प्लान इंडिया एवं मेट्सो से जुड़े प्रतिनिधियों के अलावा राजेश कुमार, श्रदुल, सत्यप्रकाश, विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


