More
    Homeराजस्थानअलवरश्रमिकों को बताए कानूनी अधिकार, जागरूकता शिविर आयोजित

    श्रमिकों को बताए कानूनी अधिकार, जागरूकता शिविर आयोजित

    अलवर में श्रम दिवस पर विधिक जागरूकता, असंगठित मजदूरों को दी योजनाओं की जानकारी

    अलवर। अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेड़ा कल्याणपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के अध्यक्ष अनंत भंडारी के मार्गदर्शन और सचिव मोहनलाल सोनी के आदेशानुसार किया गया।

    शिविर के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष कुमार ने श्रमिकों के अधिकारों और श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, कार्यस्थल पर सुरक्षा, कार्य अवधि, महिला श्रमिकों के अधिकार तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

    कार्यक्रम में पीएलवी दीपक बालोत ने ई-श्रम कार्ड पंजीकरण, श्रमिक पहचान और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक दुर्घटना बीमा, पेंशन और अन्य आर्थिक सहायता का लाभ प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार संभव है।

    शिविर में नालसा की असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना 2015 के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। श्रमिकों को बताया गया कि अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में वे किस प्रकार कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं और संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

    कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श भी दिया गया। साथ ही श्रमिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

    शिविर में श्रमिकों के मूल अधिकार, न्यूनतम वेतन, महिला श्रमिक सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। लाभार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

    कार्यक्रम में नरसिंह बैरवा, विजय कुमार, मुकेश चंद मीना, कमलेश सैनी, देवीराम सैनी, लक्ष्मीकांत शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here