अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी के नेतृत्व में महिला सुरक्षा रैली, आमजन को किया जागरूक
अलवर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को अलवर शहर में पुलिस विभाग की ओर से विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर कोतवाली थाना परिसर से महिला सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी, सीओ सिटी, कोतवाली थाना प्रभारी, महिला पुलिसकर्मी तथा कालिका यूनिट की टीम ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों, पुलिस सहायता सेवाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और डिजिटल सुरक्षा सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि जिलेभर में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर ठगी की स्थिति में बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान राजस्थान पुलिस के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राजकॉप सिटीजन ऐप की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया।
रैली में शामिल पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने नागरिकों से महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
अभियान में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी, कालिका यूनिट के सदस्य एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी जिलेभर में महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


