अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व की अकबरपुर रेंज में जंगल में लगी भीषण आग पर वन विभाग ने समय रहते काबू पा लिया, 40 वनकर्मियों ने मिलकर बड़ा हादसा टाल दिया
अलवर। सरिस्का टाइगर रिजर्व के अकबरपुर रेंज स्थित किशनपुर नाके के अधीन बिनक वन क्षेत्र में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। समय रहते वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:45 बजे ग्रामीणों ने वन क्षेत्र में आग लगने की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही रेंजर हेमेंद्र सिंह राजावत और सहायक वन संरक्षक अंकुश जिंदल ने तुरंत टीम गठित कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
अकबरपुर रेंज के चारों नाकों से करीब 35 से 40 वनकर्मी मौके पर पहुंचे और अंधेरे के बावजूद लगातार प्रयास कर आग पर काबू पा लिया। वन विभाग की टीम ने सूझबूझ और समन्वय के साथ काम करते हुए आग को जंगल के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका।
वनपाल रामवीर गुर्जर ने बताया कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो वन्यजीवों और वन संपदा को भारी नुकसान हो सकता था। आग लगने की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को भी दी गई थी।
वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से सरिस्का क्षेत्र में बड़ा खतरा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में देवेंद्र मीणा, अरुण चौधरी, इंद्राज मीणा, रामवीर गुर्जर, राजेश मीणा, हंसराम गोलियां, रविंद्र मीणा, हीरा सिंह, नूरुद्दीन, सीताराम, सुरेश बलाई, जगदीश, पवन शर्मा सहित अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


