More
    Homeराजस्थानअलवरसीसी रोड निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, जांच की मांग तेज

    सीसी रोड निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, जांच की मांग तेज

    सड़क निर्माण पर सवाल, कॉलोनीवासियों ने मापदंडों के पालन की उठाई मांग

    लक्ष्मणगढ़। कस्बे की वसुंधरा ग्राउंड कॉलोनी में नगर पालिका के वित्तीय सहयोग से सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे सीसी रोड निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। मामले में निर्माण कार्य की जांच कर निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क बनाने की मांग की गई है।

    पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा चंद्रप्रकाश खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन सड़क निर्धारित चौड़ाई और तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं बनाई जा रही है। उनका कहना है कि लक्ष्मणगढ़-कठूमर रोड से जालूकी रोड को जोड़ने वाली सड़क तथा मुख्य मार्ग से जुड़े हिस्से आसपास के स्तर की तुलना में काफी ऊंचे बनाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।

    उन्होंने बताया कि वसुंधरा ग्राउंड कॉलोनी के चारों ओर स्थित मार्ग वर्तमान में बन रही सीसी रोड से लगभग एक फुट नीचे हैं। ऐसी स्थिति में बारिश का पानी और घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाला पानी बाहर नहीं निकल पाएगा, जिससे पूरी कॉलोनी में जलभराव की आशंका है।

    खंडेलवाल ने कहा कि इस संबंध में नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता श्याम सुंदर पांडे से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि धनराशि नगर पालिका की है, जबकि निर्माण एजेंसी सार्वजनिक निर्माण विभाग है। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश मीणा ने बताया कि वे हाल ही में पदस्थापित हुए हैं और निर्माण कार्य पूर्व स्वीकृत योजना के अनुसार कराया जा रहा है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि वसुंधरा ग्राउंड क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शामिल है, जहां सैकड़ों परिवारों के अलावा अनेक व्यावसायिक प्रतिष्ठान, कोचिंग संस्थान और पुस्तकालय संचालित हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में यदि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

    कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और संबंधित उच्च अधिकारियों से मांग की है कि निर्माणाधीन सीसी रोड की तकनीकी जांच कराई जाए और आवश्यक होने पर निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here