यूआईटी कॉलोनियों में लगेंगे विशेष शिविर, उपभोक्ता मौके पर कर सकेंगे आवेदन
अलवर। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शहर की यूआईटी कॉलोनियों में 8 अप्रैल से 13 मई तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सभी शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगे।
जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता आर.एस. बंसल ने बताया कि जेवीवीएनएल द्वारा उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। 8 अप्रैल से इन शिविरों की शुरुआत होगी और विभिन्न कॉलोनियों में चरणबद्ध तरीके से आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल को स्कीम नंबर 1, हसन खां मेवात, रणजीत नगर, शालीमार नगर और साउथ वेस्ट ब्लॉक में शिविर लगाए जाएंगे। इसी तरह 15 अप्रैल, 22 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई और 13 मई को भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर आयोजित होंगे।
इन शिविरों में आमजन प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के लिए मौके पर ही पंजीकरण करा सकेंगे। योजना के तहत 1 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त पात्र उपभोक्ताओं को 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत 17 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी भी प्रदान की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट लगाने के लिए लगभग 6 प्रतिशत की कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। सोलर प्लांट की लागत सामान्यतः 4 से 5 वर्षों में वसूल हो जाती है, जबकि इसकी आयु करीब 25 वर्ष होती है, जिससे लंबे समय तक बिजली बिल में राहत मिलती है।
शिविरों में पंजीकृत वेंडर्स एवं बैंक प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जो सोलर प्लांट स्थापना, वित्तीय सहायता और अन्य सेवाओं के बारे में जानकारी देंगे।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास स्वयं का घर होना चाहिए, जिसकी छत सोलर पैनल लगाने के लिए उपयुक्त हो तथा वैध बिजली कनेक्शन होना आवश्यक है। साथ ही आवेदक किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का लाभ नहीं ले रहा हो।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

